कन्नौज:जनपद कन्नौज में ‘बिजली बिल राहत योजना–2025’ के अंतर्गत आयोजित शिविरों के माध्यम से 750 उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ है। इन शिविरों के जरिए कुल 57.76 लाख रुपये की बकाया धनराशि जमा की गई। यह जानकारी अधीक्षण अभियंता, विद्युत ने दी।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत जनपद के विभिन्न गांवों में विशेष शिविर आयोजित किए गए, ताकि उपभोक्ताओं को बिजली बिलों में राहत मिल सके और वे सरल प्रक्रिया के माध्यम से बकाया राशि जमा कर सकें।
इन शिविरों का आयोजन छितिरपुर बाग, भीखमपुर, दुर्गानगर, बेहरिन, खुदियापुर, उम्मापुर्वा, भखरौली, कपूरापुर दाने, महाचन्दापुर, ककरघटा, मोहम्मद गदनपुर बड्डू, पठकाना, फतुआपुर, रकरा, पट्टी मटेना, इब्राहिमपुर बांगर, अमृतपुर, सिकन्दरपुर, सरदामई, नेहरू नगर, कसाबा, सदरपुर, अतरौली, मस्तियापुर तथा रामपुर लाख सहित अनेक स्थानों पर किया गया।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि शिविरों में उपभोक्ताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। बड़ी संख्या में लोगों ने अपने बकाया बिजली बिल जमा कर बिजली बिल राहत योजना 2025 का लाभ उठाया। विभाग का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को राहत मिले और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जा सके।

