आगरा। लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान फतेहपुर सीकरी के सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने आगरा के युवाओं के लिए रोजगार और शहर के विकास से जुड़े एक महत्वपूर्ण मुद्दे पर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध ताजमहल की खूबसूरती आगरा की जनता के लिए कभी-कभी चुनौती बन गई है। ताज ट्रेपेज़ियम ज़ोन (TTZ) और एनजीटी के कड़े नियमों के कारण आगरा में उद्योग और फैक्ट्रियों की स्थापना लगभग असंभव हो गई है, जिससे शहर के युवाओं को बेरोजगारी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आगरा की भौगोलिक स्थिति और सड़क कनेक्टिविटी पर जोर देते हुए कहा कि दिल्ली–आगरा एक्सप्रेसवे, लखनऊ–आगरा एक्सप्रेसवे, आगरा–ग्वालियर नया एक्सप्रेसवे और आगरा–जयपुर मार्ग से शहर देश के प्रमुख महानगरों से उत्कृष्ट रूप से जुड़ा हुआ है। सांसद ने कहा कि जब उद्योगों पर प्रतिबंध है, तब शहर के समग्र विकास का सबसे उपयुक्त विकल्प यह है कि आगरा में प्रमुख आईटी हब स्थापित किया जाए।
राजकुमार चाहर ने केंद्र सरकार से आगरा को तत्काल प्रभाव से आईटी हब घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, शहर का समग्र विकास होगा और ताजमहल की ऐतिहासिक सुंदरता भी सुरक्षित रहेगी।

