आगरा। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर जन साहस संस्था द्वारा विकासखंड बिचपुरी की ग्राम पंचायत लडामदा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं समुदाय को बाल श्रम के दुष्प्रभावों तथा बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में जन साहस की राज्य समन्वयक अनुकृति जी, जिला समन्वयक कासिम बेगम, फील्ड ऑफिसर इमरान जी, आरसीएफ ऋषव कुमार जी, जन साथी छाया जी, ग्राम पंचायत की पंचायत सहायक अनामिका जी तथा श्रम विभाग से अनिल दिवाकर (LEO) एवं अजीत कुमार जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से उन्हें शिक्षा के महत्व, बाल श्रम के दुष्प्रभाव तथा उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक गतिविधियों में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जन साहस टीम द्वारा बच्चों को उपहार स्वरूप गिफ्ट बॉक्स वितरित किए गए तथा उन्हें शिक्षा से जुड़े रहने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों एवं उपस्थित प्रतिभागियों को मिष्ठान वितरण किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बाल श्रम समाज के विकास में एक बड़ी बाधा है तथा प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है। बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण के लिए समुदाय, प्रशासन और सामाजिक संगठनों की साझा भागीदारी आवश्यक है।
पंचायत सहायक अनामिका जी ने भी बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय जाने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बाल श्रम उन्मूलन के लिए ग्राम स्तर पर सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
जन साहस द्वारा भविष्य में भी बाल अधिकारों एवं श्रमिक सुरक्षा से संबंधित ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

