साजिद फारूकी अध्यक्ष, अजीत सिंह राठौड़ सचिव नियुक्त
कुरावली। नववर्ष के शुभ अवसर पर कुरावली प्रेस क्लब के पदाधिकारियों का चुनाव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आज अख़बार के वरिष्ठ पत्रकार साजिद फारूकी को सर्वसम्मति से कुरावली प्रेस क्लब का तहसील अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि दैनिक बिजनौर टुडे के पत्रकार अजीत सिंह राठौड़ को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
चुनाव प्रक्रिया में प्रेस क्लब के संरक्षक मंडल की अहम भूमिका रही। संरक्षक मंडल में आज तक के वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेंद्र सिंह चौहान, एवीपी न्यूज़ चैनल के अर्पित चतुर्वेदी, जी न्यूज़ के अतुल, एएनआई के के.के. मिश्रा, पंजाब केसरी के आफ़ाक भाई, राशिद हुसैन, दैनिक भास्कर के अभिषेक जैन, जाजिव उमर, रवि राठौर, इरशाद अली और बशीरम अकरम सहित कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।
नियुक्ति के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष साजिद फारूकी और सचिव अजीत सिंह राठौड़ ने सभी वरिष्ठ पत्रकारों और संरक्षक मंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पत्रकार हित में निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी पत्रकारों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और प्रेस क्लब को और अधिक सशक्त बनाने की अपेक्षा जताई।

