नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान की सरहद पर जन्मी एक अधूरी लेकिन अमर प्रेम कहानी को बड़े पर्दे पर जीवंत करने आ रही पंजाबी फिल्म ‘इश्कनामा’ का भव्य प्रमोशनल कार्यक्रम राजधानी दिल्ली के होटल द ललित में आयोजित किया गया। फिल्म की स्टारकास्ट ने मीडिया से रूबरू होकर इसकी कहानी, भावनात्मक पक्ष और निर्माण से जुड़े अनुभव साझा किए।
फिल्म में जय रंधावा और शहनाज़ गिल मुख्य भूमिकाओं में हैं। उनके साथ अभिनेता सौरभ सचदेवा और अंजुम बत्रा भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे। कार्यक्रम में फिल्म की विशेष झलक भी दिखाई गई, जिसे मीडिया ने सराहा।
‘इश्कनामा’ वर्ष 1981 से 1988 के बीच भारत-पाकिस्तान सीमा की पृष्ठभूमि पर आधारित एक सच्ची प्रेम कहानी से प्रेरित है। कहानी भारतीय पंजाब के सिख कवि निम्मा और पाकिस्तानी पंजाब की मुस्लिम युवती नसीमा के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों का प्रेम सरहदों और बंटवारे की त्रासदी के बीच अधूरा रह जाता है, लेकिन उनकी भावनाएं समय और सीमाओं से परे एक अमिट छाप छोड़ जाती हैं।
इस अवसर पर जय रंधावा ने कहा, “यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि सच्चे प्यार का एहसास है। मुझे पूरा विश्वास है कि ‘इश्कनामा’ दर्शकों के दिलों को छुएगी और इतिहास रचेगी। शुरुआत में इसे पंजाबी भाषा में रिलीज किया जाएगा, जिसके बाद दर्शकों के प्यार को देखते हुए अन्य भाषाओं में भी रिलीज करने की योजना है।”
उन्होंने कहा कि पंजाब की मिट्टी ने उन्हें पहचान दी है और इस फिल्म के लिए इससे बेहतर पृष्ठभूमि कोई नहीं हो सकती। वहीं शहनाज़ गिल ने कहा कि “‘इश्कनामा’ केवल एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि उन जज़्बातों की कहानी है जिन्हें सरहदें भी कभी कैद नहीं कर सकतीं।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कलाकारों ने फिल्म की संवेदनशील कहानी, किरदारों की भावनाओं और सच्ची घटना से प्रेरित इस फिल्म को पर्दे पर उतारने की चुनौती पर भी विस्तार से चर्चा की।
‘इश्कनामा’ 24 जुलाई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म से दर्शकों को एक ऐसी प्रेम कहानी देखने को मिलेगी, जिसमें मोहब्बत, जुदाई, दर्द और इंसानी जज़्बातों की गहराई एक साथ नजर आएगी।

