आगरा। लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार दोपहर करीब 3 बजे आगरा के सुभाष बाजार में बड़ा हादसा हो गया। थाना मंटोला क्षेत्र स्थित राधा स्वामी क्लॉथ स्टोर की दो मंजिला दुकान अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय दुकान में मौजूद 5 लोग मलबे में दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और अन्य राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर अब तक 4 लोगों को सुरक्षित मलबे से बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, एक महिला अभी भी मलबे में फंसी हुई है, जिसे निकालने के लिए करीब दो घंटे से लगातार रेस्क्यू अभियान जारी है।
बताया जा रहा है कि यह दुकान नाले के ऊपर बनी हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस भवन में दुकान संचालित हो रही थी वह काफी पुराना था और उसका निर्माण नगर निगम द्वारा कराया गया था। लगातार बारिश के चलते भवन कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
मौके पर पुलिस, फायर सर्विस, नगर निगम और अन्य विभागों की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं। SDRF को भी सूचना दे दी गई है ताकि रेस्क्यू अभियान को और तेज किया जा सके।
प्रशासन ने क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है। महिला को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं।

