आगरा, आगामी होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए आगरा जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने विशेष छापामारी अभियान चलाते हुए 1320 किलोग्राम (13 क्विंटल) मिलावटी खोया पकड़ा, जिसकी बाजार कीमत लगभग 2,37,600 रुपये बताई जा रही है।

🚨 शमशाबाद रोड पर पकड़ा गया ‘सफेद ज़हर’
दिनांक 21/02/2026 को प्रातः 8:00 बजे बरौली अहीर, शमशाबाद रोड, आगरा पर वाहन संख्या UP83DT1441 बोलेरो पिकअप को रोका गया। वाहन में कुल 22 डलियों में 1320 किलोग्राम खोया (प्रति डलिया 60 किलो) भरा हुआ था, जिसे आगरा खोया मंडी में बिक्री के लिए लाया जा रहा था।
वाहन चालक नारायण सिंह (निवासी गढ़ी, राजाखेड़ा, धौलपुर, राजस्थान) ने बताया कि खोया राजन सिंह (निवासी डांडोली, राजाखेड़ा, राजस्थान) का है।
🧪 मोबाइल लैब टेस्ट में फेल
मौके पर एफएसडब्ल्यू मोबाइल लैब द्वारा प्राथमिक जांच की गई, जिसमें खोया मिलावटी पाया गया। टीम ने दो अलग-अलग डलियों से विधिक नमूने लेकर प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

🚜 2.37 लाख का खोया जेसीबी से दबवाया गया
खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप न पाए जाने और अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारण के कारण पूरे खोये को व्यापक जनहित में बमरौली कटारा डंपिंग जोन में जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नियमानुसार नष्ट कर दिया गया।
⚖️ मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि होली जैसे त्योहारों पर मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
👉 प्रशासन की अपील: त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थ खरीदते समय सावधानी बरतें और संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत विभाग को दें।

