आगरा: रमज़ान के पाक महीने में अक्सर यह सवाल उठता है कि जो लोग बहुत ज़्यादा बुज़ुर्ग हो चुके हैं या किसी ऐसी बीमारी में मुब्तला हैं जिससे ठीक होने की उम्मीद नहीं है, उनके रोज़ों का क्या हुक्म है? इस बारे में इस्लामी शरीअत ने स्पष्ट मार्गदर्शन दिया है।
अल्लाह तआला ने क़ुरआन मजीद में फरमाया:
“वअलल्लज़ीना युतीक़ूनहू फिद्यतुन तआमु मिस्कीन” (सूरह अल-बक़रह: 184)
अर्थ: और जो लोग रोज़ा रखने की ताकत नहीं रखते, वे एक मिस्कीन को खाना खिलाएं (फिद्या दें)।
हज़रत अब्दुल्लाह इब्न अब्बास (रज़ि.) फरमाते हैं कि यह आयत मंसूख नहीं है, बल्कि ऐसे बूढ़े मर्द और औरत के बारे में है जो रोज़ा रखने की इस्तिताअत नहीं रखते। वे हर रोज़े के बदले एक मिस्कीन को खाना खिलाएं। यह रिवायत सहीह बुखारी (हदीस: 4505) में दर्ज है।
शरीअत का हुक्म
🔹 बेहद बुज़ुर्ग व्यक्ति:
अगर कोई शख्स इतना कमजोर हो गया हो कि रोज़ा रखना उसके लिए मुमकिन न हो और आगे भी ठीक होने की उम्मीद न हो, तो उस पर कज़ा नहीं बल्कि हर रोज़े के बदले फिद्या देना वाजिब है।
🔹 लाइलाज (दायमी) बीमार:
जिस बीमारी से शिफ़ा की उम्मीद न हो और रोज़ा रखने से नुकसान का खतरा हो, वह भी हर रोज़े के बदले एक मिस्कीन को खाना खिलाए।
🔹 अस्थायी (अरज़ी) बीमारी:
अगर बीमारी कुछ समय की हो और ठीक होने की उम्मीद हो, तो बाद में रोज़ों की कज़ा रखना जरूरी होगा। ऐसे मामले में फिद्या काफी नहीं होगा।
फिद्या की मात्रा
हर रोज़े के बदले एक मिस्कीन को दो वक्त का खाना खिलाना या लगभग पौने दो किलो गेहूं (या उसकी कीमत) देना पर्याप्त है। सही राशि के लिए स्थानीय उलमा से मशवरा कर लेना बेहतर है।
मुसलमानों को चाहिए कि वे अपनी सेहत और क़ाबिलियत के मुताबिक शरीअत के अहकाम पर अमल करें और किसी भी शंका की स्थिति में जानकार उलेमा से मार्गदर्शन लें।

