आगरा। डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) चतुर्थ सेमेस्टर परीक्षा के दौरान मंटोला स्थित अहमदिया हनीफिया इंटर कॉलेज में बड़ी लापरवाही सामने आई है। निरीक्षण के दौरान एक कक्ष निरीक्षक ऐसे पाए गए, जिनकी पत्नी उसी कक्ष में परीक्षार्थी के रूप में परीक्षा दे रही थीं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षक को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया गया है। साथ ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर परीक्षा के दौरान हुई इस अनियमितता का खुलासा सोमवार को जांच दल के निरीक्षण में हुआ। जांच में पाया गया कि संबंधित कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी उसी परीक्षा कक्ष में लगाई गई थी, जहां उनकी पत्नी परीक्षा दे रही थीं। इसे परीक्षा की निष्पक्षता से जुड़ा गंभीर मामला माना गया।
डायट प्राचार्य अनिरुद्ध यादव ने बताया कि इन दिनों डीएलएड की परीक्षाएं संचालित की जा रही हैं। सोमवार को जांच दल परीक्षा केंद्र पर पहुंचा, जहां यह गंभीर लापरवाही सामने आई। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तत्काल कार्रवाई की गई है।
डायट प्राचार्य ने केंद्र व्यवस्थापक को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही सभी परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे दोबारा सत्यापन सुनिश्चित करें कि किसी भी कक्ष निरीक्षक का कोई निकट संबंधी या पाल्य उसी केंद्र पर परीक्षा न दे रहा हो।
निरीक्षण के दौरान जो कक्ष निरीक्षक ड्यूटी से अनुपस्थित मिले, उनके खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

