लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। अब यहां यात्री मात्र 10 रुपये में नाश्ता कर सकेंगे। केंद्र सरकार ने विमानन क्षेत्र में यात्रियों को सस्ती खानपान सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की है।
एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के चेक-इन क्षेत्र में “उड़ान यात्री कैफे” का शुभारंभ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने वर्चुअल माध्यम से किया।
लखनऊ एयरपोर्ट से प्रतिदिन लगभग 120 उड़ानों का संचालन होता है, जबकि करीब 18 से 20 हजार यात्री रोजाना विभिन्न शहरों के लिए यात्रा करते हैं। लंबे समय से यात्री यहां पानी, चाय और अन्य खाद्य पदार्थों की ऊंची कीमतों को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शिकायतें दर्ज करा रहे थे।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने उड़ान योजना (UDAN) के तहत सस्ती दरों पर नाश्ता और पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।
टर्मिनल-3 के चेक-इन हॉल में शुरू किए गए इस कैफे में अब यात्रियों को मात्र 10 रुपये से शुरू होने वाली कीमतों पर अल्पाहार और पेय पदार्थ मिलेंगे। यहां किफायती दरों पर पानी, चाय, स्नैक्स और मिठाइयों सहित अन्य खाद्य सामग्री भी उपलब्ध रहेगी।
यह पहल आम यात्रियों को बड़ी राहत देने के साथ-साथ हवाई यात्रा को और अधिक सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

