संवाददाता : मनोज कुमार
मुरादाबाद ,Katghar थाना क्षेत्र की पीतल नगरी चौकी अंतर्गत कच्ची बस्ती में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता ने कथित रूप से घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका का नाम काजल प्रजापति बताया गया है, जिनकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व मनोज नामक युवक से परिवार की रजामंदी से हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों ने दो दिन पहले ही अपनी शादी की सालगिरह भी मनाई थी। काजल के पति मनोज बजाज कंपनी में कार्यरत हैं और ट्रेनिंग के सिलसिले में दिल्ली गए हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही Shailendra Kumar, उपनिरीक्षक भानु सिंह तथा पीतल नगरी चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल की जांच की। इसके बाद शव को नीचे उतारकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका के मायके पक्ष ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। काजल के दादा शिवचरन प्रजापति ने आरोप लगाया कि उनकी पोती को ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने बताया कि चार दिन पहले काजल से फोन पर बात हुई थी, जिसमें वह काफी दुखी लग रही थी।
दादा के अनुसार, सास, ससुर, जेठ, जेठानी और देवर द्वारा काजल को ताने दिए जाते थे और दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने कहा कि शादी में अपनी क्षमता के अनुसार पर्याप्त दहेज दिया गया था, इसके बावजूद उनकी पोती को परेशान किया जाता रहा।
वहीं, मृतका के देवर ने बताया कि परिवार के लोग नीचे मौजूद थे, जबकि काजल ऊपर कपड़े धोने गई थी। काफी देर तक कोई आवाज न आने पर परिवार के सदस्य ऊपर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। शोर मचाने के बाद खिड़की तोड़कर दरवाजा खोला गया, जहां काजल फंदे से लटकी मिली।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

