आगरा। आगरा मंडल के मुख्य स्टेशनों पर 15 अप्रैल 2026 को व्यापक स्तर पर मेगा किलेबंदी टिकट जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल के निर्देशानुसार तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अंकित गुप्ता के निर्देशन में संपन्न हुआ। अभियान की निगरानी मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री बीरेंद्र सिंह चौहान एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) श्री संजय गौतम द्वारा की गई।
यह सघन जांच अभियान आगरा छावनी, आगरा किला और मथुरा जंक्शन स्टेशनों पर एक साथ चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले, अनियमित रूप से यात्रा करने वाले, बिना बुक कराए सामान ले जाने वाले तथा रेल परिसर में गंदगी फैलाने वाले यात्रियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ की भारी मौजूदगी से अनियमित यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्रियों ने बचने के लिए बहाने बनाए, जबकि कुछ ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़कर नियमानुसार जुर्माना वसूला।
अभियान के परिणामस्वरूप:
- 340 बिना टिकट यात्रियों से ₹2,83,905 वसूले गए
- 466 अनियमित यात्रियों से ₹2,31,690 का जुर्माना लिया गया
- 1 यात्री से बिना बुक सामान ले जाने पर ₹490 वसूले गए
इस प्रकार कुल 807 यात्रियों से ₹5,16,085 का जुर्माना वसूला गया।
जनसंपर्क अधिकारी श्री संजय कुमार गौतम ने बताया कि इस तरह के अभियान मंडल में लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, अवैध सामान और गंदगी फैलाने जैसी गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे वैध टिकट लेकर यात्रा करें, निर्धारित सीमा से अधिक सामान बुक कराएं और रेलवे परिसर में स्वच्छता बनाए रखें।

