आगरा। खेरागढ़ मंडी में बाजरा खरीद को लेकर पिछले कई दिनों से चली आ रही अव्यवस्थाओं का समाधान आखिरकार हो गया। भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष पंडित देवेंद्र रावत के नेतृत्व में किसान मोर्चा की टीम ने शनिवार को मंडी पहुंचकर किसानों की समस्याओं को गंभीरता से उठाया, जिसके बाद आठ दिनों से रुकी बाजरा की तुलाई शुरू कराई गई।
मंडी में बाजरा से लदे ट्रैक्टर लेकर कई दिनों से खड़े किसानों ने बताया कि खरीद प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। किसानों की पीड़ा को देखते हुए किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने मौके पर ही उच्च अधिकारियों से वार्ता की और तत्काल तुलाई कार्य शुरू कराया।
किसान मोर्चा के हस्तक्षेप के बाद संबंधित अधिकारियों ने मंडी व्यवस्था को दुरुस्त करने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने दो टूक कहा कि किसानों के हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में मंडी व्यवस्था में इस तरह की लापरवाही सामने आती है, तो किसान मोर्चा आंदोलनात्मक कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेगा।
किसान मोर्चा की टीम में शामिल रहे—
-
महेंद्र सिंह चाहर – जिला उपाध्यक्ष, किसान मोर्चा भाजपा
-
डॉ. रामनिवास भारती – जिला कार्यालय मंत्री, किसान मोर्चा भाजपा
-
तारा सिंह – मंडल अध्यक्ष
-
चंद्रभान सिंह – मंडल अध्यक्ष
-
सतीश त्यागी – मंडल अध्यक्ष
किसानों ने किसान मोर्चा के इस त्वरित हस्तक्षेप पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि आगे से मंडी में खरीद व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होगी।

