आगरा: ताजमहल परिसर में “मिशन शक्ति अभियान” के तहत ताज सुरक्षा पुलिस द्वारा छात्रों और महिलाओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी देना था।

इस मौके पर पुलिस कमिश्नर आगरा के निर्देशन में, एसीपी ताज सुरक्षा एवं प्रभारी निरीक्षक थाना ताज सुरक्षा की देखरेख में त्वरित प्रतिक्रिया दल ने आर सी इंटरनेशनल इंग्लिश स्कूल (अलीगढ़) के छात्र-छात्राओं और महिलाओं का स्वागत किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं को “मिशन शक्ति फेस 5” के अंतर्गत नारी सुरक्षा सम्मान एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही छात्राओं और महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया:
-
1090 – वीमेन पावर हेल्पलाइन
-
1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
-
112 – पुलिस आपातकालीन हेल्पलाइन
-
108 – एंबुलेंस हेल्पलाइन
-
102 – गर्भवती महिलाओं एवं शिशु हेल्पलाइन
-
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
-
1930 – साइबर हेल्पलाइन
इसके अलावा महिला हेल्पडेस्क, महिला बीट पुलिस अधिकारी, एंटी रोमियो स्क्वाड, महिला साइबर सेल, मुख्यमंत्री सुकन्या योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान जैसी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल, आरक्षी आशु और महिला आरक्षी रीतू शामिल थे, जिन्होंने छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा, जागरूकता और साइबर क्राइम से बचाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इस अभियान का उद्देश्य न केवल छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना भी है।

