आगरा। उत्तर प्रदेश मुस्लिम महापंचायत की ओर से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी आगरा के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

सुबह 11 बजे सदर भट्टी रोड स्थित कार्यालय से संगठन के कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों की तख्तियों पर “गौ माता का अपमान नहीं सहेगा मुसलमान”, “रहीम तो हमारा है, राम भी हमको प्यारा है” और “गौ माता के सम्मान में उत्तर प्रदेश मुस्लिम महापंचायत मैदान में” जैसे संदेश लिखे हुए थे। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए आगरा जिला मुख्यालय पहुंचे।
इस प्रदर्शन में राष्ट्रीय ब्रह्म सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित संजय शर्मा, सुगम शिवहरे और अजय वाल्मीकि ने भी भाग लिया तथा गौ माता के सम्मान में नारे लगाए। कार्यक्रम के दौरान हिंदू-मुस्लिम एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश देखने को मिला, जहां दोनों समुदायों के लोग एक मंच पर एकत्र होकर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग कर रहे थे।
संस्था के प्रदेश सरपंच नदीम नूर ने कहा कि केंद्र और विभिन्न राज्यों में भाजपा की सरकार होने के बावजूद गौ माता की उपेक्षा हो रही है। उन्होंने कहा कि अब देशभर की जनता गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग कर रही है, लेकिन सरकार अब तक इस पर निर्णय नहीं ले रही। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक माह के भीतर सरकार ने इस संबंध में प्रस्ताव पारित नहीं किया तो संगठन सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन चलाने को बाध्य होगा।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष एम ए काज़मी ने कहा कि माता किसी भी धर्म की हो, उसका सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गौ माता की रक्षा और सम्मान के लिए उसे राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाना चाहिए तथा सरकार को अपना “राजधर्म” निभाना चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मांग की कि गौ माता से जुड़े मामलों की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया जाए। साथ ही ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाए जो गौ रक्षा के नाम पर कथित तौर पर अवैध वसूली और उत्पीड़न करते हैं।
प्रदर्शन में नदीम नूर, एम ए काज़मी, पंडित संजय शर्मा, अजय वाल्मीकि, मोनिका नाज़ खान, अमजद कुरैशी, सुगम शिवहरे, फरमान कुरैशी, आरिफ अल्बी, आबिद कुरैशी, परवेज खान, मुस्तक कुरैशी, यासीन सिद्दीकी, आसिफ अघाई, अकीब हुसैन, सबीर खान, लकी कुरैशी, रिंकु उस्मानी, इमरान अब्बास सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

