नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने शुक्रवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले सत्र से NEET-UG परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET-UG-2026 परीक्षा का पेपर लीक हुआ था।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार नहीं चाहती थी कि किसी गलत अभ्यर्थी का चयन हो, इसलिए पूरी जिम्मेदारी के साथ परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया। अब NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा रविवार 21 जून को आयोजित होगी।
उन्होंने बताया कि 3 मई को हुई परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की गई थी। इसके लिए 5400 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जबकि लगभग 22.79 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे।
National Testing Agency (NTA) की भूमिका पर बोलते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि परीक्षा रद्द करने का कदम स्वयं NTA ने उठाया। 7 मई को गड़बड़ी की जानकारी सामने आई, जिसके बाद एजेंसी ने सरकार को अवगत कराया और 12 मई को री-एग्जाम कराने का फैसला लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले की जिम्मेदारी NTA की होगी।
छात्रों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट
एडमिट कार्ड 14 जून से जारी किए जाएंगे।
परीक्षा में छात्रों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा।
री-एग्जाम के लिए छात्र अपनी पसंद का परीक्षा केंद्र चुन सकेंगे। इसके लिए 7 दिन का समय दिया जाएगा।
इस फैसले के बाद देशभर के लाखों छात्रों और अभिभावकों के बीच नई परीक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

