अयोध्या। उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या धाम और पंचकोसी परिक्रमा मार्गों की धार्मिक और सांस्कृतिक पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने इन क्षेत्रों में नॉन-वेज भोजन की बिक्री, परोसने और आपूर्ति पर पूरी तरह रोक लगा दी है। अब न सिर्फ दुकानों, होटलों और रेस्टोरेंट्स में नॉन-वेज खाना नहीं मिलेगा, बल्कि ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स के जरिए भी नॉन-वेज ऑर्डर नहीं किया जा सकेगा।
प्रशासन के अनुसार यह निर्णय स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद लिया गया है। शिकायतों में बताया गया था कि कुछ पर्यटक ऑनलाइन ऐप्स के माध्यम से नॉन-वेज भोजन मंगवा रहे थे, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही थीं।
नए आदेश के तहत गेस्ट हाउस, लॉज और होमस्टे में भी नॉन-वेज भोजन परोसना प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों के पालन के लिए संबंधित इलाकों में निरंतर निगरानी की जाएगी और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राज्य प्रशासन ने सभी दुकानदारों, होटल संचालकों और ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनियों को इस फैसले की आधिकारिक सूचना दे दी है। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को पूरी तरह पवित्र, शांत और श्रद्धामय वातावरण उपलब्ध कराना है।

