मक्का / मदीना: प्रेसिडेंसी ऑफ द टू होली मॉस्क्स अफेयर्स ने मस्जिद अल हरम और मस्जिद-ए-नबवी में रमज़ान के अंतिम दस दिनों (आखिरी अशरा) में एतिकाफ करने के इच्छुक लोगों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एतिकाफ के लिए पंजीकरण की सुविधा संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक पुरुष और महिलाएं वेबसाइट पर अपना खाता बनाकर या पहले से बने खाते के माध्यम से लॉग इन करके आवेदन कर सकते हैं।
एतिकाफ की अवधि
दोनों पवित्र मस्जिदों में एतिकाफ की शुरुआत 20 रमज़ान से होगी और यह 30 रमज़ान तक, अर्थात शव्वाल का चांद दिखाई देने तक जारी रहेगा।
सीमित स्थान, शीघ्र करें आवेदन
प्रेसिडेंसी ने बताया है कि एतिकाफ के लिए स्थानों की संख्या सीमित है। निर्धारित संख्या पूरी होते ही पंजीकरण प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी। इसलिए इच्छुक श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें।
उल्लेखनीय है कि हर वर्ष रमज़ान के अंतिम दस दिनों में देश और विदेश से बड़ी संख्या में लोग मस्जिद अल हरम और मस्जिद-ए-नबवी में एतिकाफ के लिए पहुंचते हैं। संबंधित विभाग की ओर से एतिकाफ करने वालों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

