आगरा। शहर के कई इलाकों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या एक बार फिर सामने आई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रदेश संयुक्त सचिव एवं फिरोजाबाद लोकसभा सीट से पूर्व सांसद प्रत्याशी मिर्ज़ा मुकर्रम बेग (मुगल) ने नगर निगम आगरा को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने बताया कि जुर्गीदार क्षेत्र में स्थित प्राचीन मंदिर के आसपास तथा तलैया विगाह इलाके में दो स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जबकि एक अन्य लाइट खराब हालत में है। रात होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे स्थानीय निवासियों, खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मिर्ज़ा मुकर्रम बेग ने कहा कि अंधेरे के कारण जहां एक ओर सड़क हादसों की आशंका बनी रहती है, वहीं दूसरी ओर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
उन्होंने नगर निगम से मांग की है कि बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराया जाए और जिन स्थानों पर रोशनी की कमी है, वहां नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रीय नागरिकों के साथ मिलकर जनहित में आंदोलन किया जाएगा।

