3236 लाभार्थियों के खातों में भेजी गई पहली किस्त
फर्रुखाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आज प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)–2 के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत दूरदर्शन के माध्यम से लखनऊ से मुख्यमंत्री द्वारा योजना के उद्घाटन के सजीव प्रसारण से हुई, जिसे कलेक्ट्रेट में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने देखा।
इसके पश्चात जनपद की प्रमुख लाभार्थियों—कुसमा देवी (ग्वालटोली), शिवानी (बीबीगंज), शोभा देवी (नगला दीना, भोलेपुर) सहित अन्य पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही लाभार्थियों के खातों में ₹1,00,000 की पहली किस्त अंतरित की गई, जिससे वे अपने पक्के आवास का निर्माण प्रारंभ कर सकें।
किस्तों का विवरण
योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को कुल ₹2.50 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाएगी—
पहली किस्त: ₹1,00,000
दूसरी किस्त: आवास का 75% निर्माण पूर्ण होने पर ₹1,00,000
तीसरी किस्त: शेष 75% निर्माण पूर्ण होने पर ₹50,000
योजना की अवधि
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)–2 की शुरुआत 1 सितंबर 2024 से हुई है। यह योजना आगामी पांच वर्षों तक शहरी गरीबों एवं निम्न मध्यम आय वर्ग के परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लागू की गई है।
फर्रुखाबाद में लाभार्थियों की स्थिति
आज 18 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से फर्रुखाबाद जनपद के 3236 लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त सीधे भेजी गई।
वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के पहले चरण में जनपद फर्रुखाबाद के 11,514 लाभार्थियों को पहले ही पक्का आवास उपलब्ध कराया जा चुका है।
नगरवार लाभार्थियों का विवरण इस प्रकार है—
फर्रुखाबाद: 804
कायमगंज: 93
कमालगंज: 96
कपिल: 45
खिमसेपुर: 583
मोहम्मदाबाद: 235
नवाबगंज: 571
संकिसा: 381
शमशाबाद: 428
कार्यक्रम के अंत में सभागार में उपस्थित सभी लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए और उन्हें योजना का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

