लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए छात्रों और उनके अभिभावकों के नाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक खुला पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने की मुहिम में छात्रों और अभिभावकों के साथ मजबूती से खड़ी है।
अखिलेश यादव ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है और मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को अपनी संकीर्ण राजनीति का शिकार बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय दुर्भावनापूर्ण और पक्षपातपूर्ण है, जिसका विरोध लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा।

सपा प्रमुख ने लिखा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता, समर्थक और नेता इस मुद्दे पर छात्रों और उनके परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों के सपनों पर बुलडोजर चलाने की कोशिश कर रही है और शिक्षा जैसे संवेदनशील विषय को राजनीतिक विवाद का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए।
अपने पत्र में अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि “जिनके न परिवार हैं, न बच्चे, वे परिवार वालों का दर्द क्या जानें।” उन्होंने छात्रों और अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी उनके भविष्य और शिक्षा की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक प्रयास करेगी।
इस बीच जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है और विभिन्न राजनीतिक दल अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सरकार की ओर से इस बयान पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

