आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में 25 मार्च 2026 से चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के सफल समापन के बाद अब विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। स्टेडियम में एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, फुटबॉल, जिमनास्टिक, जिम, पावरलिफ्टिंग, कुश्ती, जूडो, ताइक्वांडो, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कबड्डी और बॉक्सिंग जैसे खेलों के लिए प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
खेल प्रशिक्षण लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए विभाग ने पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कम उम्र के खिलाड़ियों के लिए निर्देश:
18 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ी अपना आधार कार्ड की फोटोकॉपी, दो पासपोर्ट साइज फोटो और निर्धारित पंजीकरण शुल्क के साथ प्रतिदिन कार्यदिवस में दोपहर 3:00 बजे से 4:00 बजे के बीच स्टेडियम कार्यालय की खिड़की पर संपर्क कर सकते हैं।
18 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों के लिए प्रक्रिया:
वयस्क (18 वर्ष से अधिक) खिलाड़ी जो शौकिया तौर पर या स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रशिक्षण लेना चाहते हैं, उन्हें अपना आवेदन पत्र और आधार कार्ड स्टेडियम गेट पर तैनात गार्ड/चौकीदार को जमा करना होगा। प्रशिक्षक की संस्तुति मिलने के बाद अगले कार्यदिवस में उनका पंजीकरण पूरा किया जाएगा।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि सभी खेलों के लिए प्रशिक्षकों की व्यवस्था की गई है और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।

