आगरा। आगरा खंड स्नातक एमएलसी चुनाव से पहले प्रत्याशी अंबरीश पाल सिंह का चुनाव अभियान लगातार रफ्तार पकड़ रहा है। क्षेत्र के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में व्यापक जनसंपर्क के बाद उन्हें मजबूत जनसमर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में बिचपुरी स्थित राजा बलवंत सिंह कॉलेज (RBS) परिसर के सभी शिक्षण संस्थानों के शैक्षणिक एवं कर्मचारी समुदाय ने सर्वसम्मति से उनके समर्थन का ऐलान किया।
अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान अंबरीश पाल सिंह ने RBS इंजीनियरिंग टेक्निकल कैंपस, RBS इंटर कॉलेज, RBS पॉलिटेक्निक, कृषि विज्ञान केंद्र, RBS जूनियर हाई स्कूल तथा बिचपुरी स्थित बलवंत विद्यापीठ रूरल संस्थान का दौरा किया। इस दौरान विभिन्न संस्थानों के शिक्षक और कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
अभियान को उस समय और मजबूती मिली जब परिसर के सभी संस्थानों के प्रधानाचार्यों, निदेशकों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर उन्हें अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
सभा को संबोधित करते हुए अंबरीश पाल सिंह ने शिक्षा जगत द्वारा जताए गए भरोसे के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्नातकों की समस्याओं के समाधान, बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने तथा शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने भरोसा जताया कि वे शिक्षकों और स्नातकों की आवाज को सदन तक मजबूती से पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर प्रो. सीमा भदौरिया, डॉ. एम. एस. चौहान, मेजर विवेकवीर सिंह, प्रो. ब्रजेश कुमार सिंह, प्रो. पंकज गुप्ता, अनीता सिंह, डॉ. राजेंद्र चौहान और मोहन शर्मा सहित अनेक शिक्षाविद उपस्थित रहे।

