लखनऊ। लखनऊ के मेदांता अस्पताल में आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय से प्रमुख धर्मगुरुओं ने मुलाकात कर उनका कुशल-क्षेम जाना और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की दुआ की।

मुलाकात करने वालों में शाही इमाम ईदगाह मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली, शिया मरकज़ी चांद कमेटी के अध्यक्ष एवं प्रमुख शिया धर्मगुरु मौलाना सैयद सैफ अब्बास नकवी तथा ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास शामिल रहे। सभी ने अजय राय के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके लिए दुआएं कीं।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री मुईद अहमद, निवर्तमान प्रदेश महासचिव मुकेश सिंह चौहान और अरशद आज़मी भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

इस मौके पर अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रेम, भाईचारे और समावेशी राजनीति की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सम्मानित और प्रबुद्ध लोगों का यह स्नेह और समर्थन कांग्रेस के संघर्ष को नई ऊर्जा देता है।
अजय राय ने कहा कि यह मुलाकात गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मजबूत परंपरा का प्रतीक है, जिसे कायम रखने के लिए कांग्रेस हमेशा प्रतिबद्ध रही है।

