लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सूफियान अली कुरैशी ने पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों के बाद कार्यकर्ताओं में फैली मायूसी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हर राज्य की राजनीतिक परिस्थितियां अलग होती हैं और उत्तर प्रदेश में तस्वीर पूरी तरह अलग है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में जिस तरह वोटों का बिखराव हुआ, वह सभी ने देखा, लेकिन उत्तर प्रदेश में ऐसी रणनीति कामयाब नहीं होगी। कुरैशी ने आरोप लगाया कि SIR के माध्यम से वोट काटने की जो योजना भाजपा ने बनाई थी, उसमें वह पहले ही विफल हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता जागरूक और समझदार है तथा अब बदलाव की चाहत अपने चरम पर है। “हमें दूसरे राज्यों के नतीजों से निराश होने की जरूरत नहीं, बल्कि अपने इरादों को मजबूत रखते हुए आगे बढ़ना है,”
उन्होंने कहा सूफियान अली कुरैशी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को अहम बताते हुए कहा कि यह सिर्फ सत्ता परिवर्तन का चुनाव नहीं होगा, बल्कि जनता के आत्मसम्मान और अधिकारों की बहाली का चुनाव होगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की राजनीति को सबसे बड़ा जवाब उत्तर प्रदेश की धरती से मिलेगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की ताकत के साथ मिलकर भाजपा के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी और प्रदेश में बदलाव लाएगी।
कुरैशी ने विश्वास जताया कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे और उत्तर प्रदेश में नई राजनीतिक दिशा तय करेंगे।

