आगरा: बाह विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी सौगात मिली है। विधायक श्रीमती रानी पक्षालिका सिंह के प्रस्ताव और प्रयासों के परिणामस्वरूप, बाह-ऊदी मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 34 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने बताया कि इस सड़क परियोजना से न केवल क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुचारू होगी, बल्कि ग्रामीण अंचलों को भी बेहतर संपर्क मार्ग प्राप्त होंगे। सड़क निर्माण का कार्य जल्द ही गुणवत्तापूर्ण रूप में प्रारंभ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के बाद आगरा, बाह और बटेश्वर जैसे ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी, जिससे पर्यटन को नया प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
विधायक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करते हुए कहा कि सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से बाह और आसपास के गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी प्राप्त होगी और आवागमन सुगम होगा। यह परियोजना क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति प्रदान करेगी।
श्रीमती रानी पक्षालिका सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण हेतु स्वीकृत धनराशि की प्राप्ति में गंभीर प्रयास किए गए और यह निर्णय बाह के विकास का नया अध्याय साबित होगा।

