आगरा। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय समन्वय सबजूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं के लिए आगरा मंडल की टीमों के चयन हेतु ट्रायल्स आयोजित किए जाएंगे।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आगरा मंडल संजय शर्मा ने बताया कि प्रदेश स्तरीय समन्वय सबजूनियर बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन 10 से 13 जून 2026 तक सहारनपुर में किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रदेश स्तरीय समन्वय सबजूनियर बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता 15 से 18 जून 2026 तक सहारनपुर में आयोजित होगी।
इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली आगरा मंडल की टीमों के चयन के लिए जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल्स 6 जून 2026 को प्रातः 11 बजे तथा मंडल स्तरीय चयन एवं ट्रायल्स 8 जून 2026 को प्रातः 11 बजे एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, आगरा में आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ट्रायल्स में वही बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2012 से 31 दिसंबर 2013 के बीच हो। चयन ट्रायल्स में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा।
इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित तिथि पर अपने जन्मतिथि के मूल प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड के साथ एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर अंशकालिक बॉक्सिंग प्रशिक्षक गौरव कुमार से संपर्क कर सकते हैं।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने अधिक से अधिक पात्र खिलाड़ियों से ट्रायल्स में भाग लेकर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का आह्वान किया है।

