लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में अब पान, मसाला, गुटखा और अन्य मादक पदार्थों के सेवन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में नया आदेश जारी किया है।
कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा की ओर से बुधवार को जारी निर्देश में कहा गया है कि अक्सर देखा गया है कि कर्मचारी, शिक्षक और अधिकारी परिसर में पान, मसाला, गुटखा व अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं, जो कार्यालय की मर्यादा, गरिमा और आचरण नियमावली के खिलाफ है।
आदेश के अनुसार:
- परिसर में पान, मसाला, गुटखा या मादक पदार्थ का सेवन करते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
- यदि कोई शिक्षक, कर्मचारी या अधिकारी तीन बार से अधिक ऐसा करते पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य परिसर में स्वच्छ, अनुशासित और गरिमामय वातावरण बनाए रखना है।

