आगरा। Sarojini Naidu Medical College के कैंसर सर्जरी विभाग (सर्जिकल ऑन्कोलॉजी) ने एक बार फिर जटिल एवं उच्च स्तरीय शल्य चिकित्सा में अपनी विशेषज्ञता का परिचय दिया है। विभाग के चिकित्सकों ने पेट के पीछे हिस्से में फैले एक विशाल ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर 53 वर्षीय मरीज को नई जिंदगी दी।
आगरा निवासी विजय कई महीनों से लगातार पेट दर्द, भूख न लगना, कमजोरी और भोजन करने पर उल्टी जैसी समस्याओं से परेशान थे। विभिन्न अस्पतालों में उपचार के बाद भी राहत न मिलने पर उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज की सुपरस्पेशलिटी ब्लॉक स्थित कैंसर सर्जरी विभाग में रेफर किया गया, जहां उन्होंने Dr. Gaurav Singh से परामर्श लिया।
जांच और स्कैन में पता चला कि मरीज के पेट के पीछे रेट्रोपेरिटोनियल स्पेस में एक विशाल ट्यूमर मौजूद है, जिसने प्रमुख रक्त वाहिनियों, दाहिनी किडनी और लिवर के कुछ हिस्सों को प्रभावित कर रखा था। विस्तृत जांच में मरीज को “राइट रेट्रोपेरिटोनियल सारकोमा विद मल्टीऑर्गन इन्वॉल्वमेंट” नामक गंभीर बीमारी से ग्रसित पाया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ओंकोसर्जरी विभाग की टीम ने जटिल सर्जरी करने का निर्णय लिया। Dr. Varun Agrawal और डॉ. गौरव सिंह के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने कई घंटों तक चले ऑपरेशन के दौरान पेट के पीछे गहराई में स्थित विशाल ट्यूमर को दाहिनी किडनी सहित सफलतापूर्वक बाहर निकाला।
चिकित्सकों के अनुसार यह ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि ट्यूमर महत्वपूर्ण रक्त वाहिनियों और आसपास के अंगों से जुड़ा हुआ था। विशेषज्ञ टीम ने अत्यंत सावधानी और कुशलता के साथ इस जटिल सर्जरी को सफल बनाया।
ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उन्हें चिकित्सकों की विशेष निगरानी में रखा गया है।
सर्जरी टीम में Dr. Subhajit के साथ जूनियर रेजिडेंट डॉ. ज़फर, डॉ. अर्पित शर्मा, डॉ. अश्वनी और डॉ. विवेक शामिल रहे। वहीं एनेस्थीसिया विभाग से Dr. Arpita Saxena, डॉ. योगिता, डॉ. काजल, डॉ. विकास और डॉ. जसलीन ने सुरक्षित एनेस्थीसिया प्रबंधन सुनिश्चित किया।
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन Dr. Prashant Gupta ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, जिससे आगरा एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर उपचार मिल रहा है।
विभागाध्यक्ष Prof. Rajesh Gupta ने कहा कि मरीजों को सुरक्षित एवं अत्याधुनिक शल्य चिकित्सा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है, ताकि मरीज जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सकें।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज की सुपरस्पेशलिटी बिल्डिंग में प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को कैंसर सर्जरी की ओपीडी संचालित होती है, जहां मरीज विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और उपचार प्राप्त कर सकते हैं।

