पंचायती राज मंत्री ने मुख्यमंत्री को भेजी फाइल, आज हो सकता है अंतिम फैसला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जिला पंचायत अध्यक्षों का पांच वर्षीय कार्यकाल शनिवार, 11 जुलाई को समाप्त हो रहा है। कार्यकाल खत्म होने के साथ ही मौजूदा जिला पंचायत अध्यक्षों को ही प्रशासक नियुक्त किए जाने की संभावना प्रबल हो गई है। शासन स्तर पर इस संबंध में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, सरकार की मंशा वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक के रूप में जिम्मेदारी सौंपने की है, ताकि नई व्यवस्था लागू होने तक जिला पंचायतों का कामकाज निर्बाध रूप से चलता रहे।
इस संबंध में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने प्रस्तावित फाइल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेज दी है। बताया जा रहा है कि शनिवार को इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक के रूप में अपने-अपने जिलों में कार्यभार संभालते रहेंगे। अब सभी की निगाहें मुख्यमंत्री के अंतिम निर्णय पर टिकी हुई हैं।

