आगरा: कालिंदी विहार स्थित साई किडीज स्कूल में रविवार को वार्षिक उत्सव बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के संस्थापक जितेंद्र सिंह गंगवार एवं उनकी पत्नी शिप्रा गंगवार द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। पीजी कक्षा की छात्राओं नित्या और काव्या ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत एलकेजी की छात्रा नैना द्वारा माँ सरस्वती वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से हुई। इसके बाद पीजी कक्षा के बच्चों ने कविताएं सुनाकर उपस्थित अभिभावकों का दिल जीत लिया।
एलकेजी और यूकेजी के बच्चों द्वारा “बम बम बोले” गीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसे देख अभिभावक भी झूम उठे और कार्यक्रम का आनंद लिया।
मुख्य अतिथि ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की हर गतिविधि में सहयोग करें। यूकेजी कक्षा के छात्र-छात्राओं दित्या और माधव द्वारा दिया गया भाषण भी सभी को काफी पसंद आया।

कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को उपहार वितरित किए गए तथा यूकेजी कक्षा को शील्ड्स प्रदान की गईं। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की संचालिका प्रज्ञा पटेल ने किया, जबकि शिक्षिका रजनी और राधा का विशेष सहयोग रहा। अंत में पायल कटियार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

