आगरा । शहर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के निवर्तमान अध्यक्ष बशीर उल हक रॉकी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यदि देश के प्रधानमंत्री जनता से यह कह रहे हैं कि “एक साल तक सोना मत खरीदो, ट्रेवल कम करो, गैस, पेट्रोल और डीजल का उपयोग केवल जरूरत पर ही करो”, तो यह देश की आर्थिक स्थिति और आम आदमी की परेशानियों का स्पष्ट संकेत है।
बशीर उल हक रॉकी ने कहा कि आज महंगाई चरम पर है। रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे मध्यम वर्ग, गरीब और मजदूर तबका सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनता पहले ही खर्चों में कटौती करने को मजबूर है, ऐसे में सरकार को सलाह देने के बजाय महंगाई कम करने के ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश का आम नागरिक रोजगार, व्यापार और बढ़ती कीमतों की मार से परेशान है। सरकार को चाहिए कि पेट्रोल-डीजल और गैस के दामों में राहत देकर जनता को आर्थिक सहारा दे, ताकि लोगों का जीवन आसान हो सके।
रॉकी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी महंगाई, बेरोजगारी तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।

