चाँद दिखते ही आज रात से उर्स की शुरुआत, जानिए ट्रैफिक के विशेष इंतजाम
अजमेर। ख़्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह के सालाना उर्स के अवसर पर आज अजमेर शरीफ दरगाह से संदल उतारने की रस्म अदा की गई और परंपरा के अनुसार जन्नती दरवाज़ा खोल दिया गया। चाँद के दीदार के साथ ही आज रात से उर्स की विधिवत शुरुआत हो जाएगी, जिसे लेकर देश-विदेश से आए ज़ायरीन में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
दरगाह परिसर में उर्स की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संदल की रस्म के दौरान दरगाह के खादिमों, अकीदतमंदों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही। जन्नती दरवाज़ा खुलने के साथ ही बड़ी संख्या में ज़ायरीन ने अकीदत के साथ सजदा किया और दुआएं मांगीं।
उर्स के दौरान लाखों ज़ायरीनों की आमद को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं। शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। दरगाह क्षेत्र की ओर जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है, जबकि वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को निकाला जा रहा है।
यातायात पुलिस के अनुसार, दरगाह के आसपास नो-व्हीकल ज़ोन घोषित किया गया है। ज़ायरीनों की सुविधा के लिए शहर के बाहरी इलाकों में पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं, सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रशासन ने ज़ायरीनों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और नियमों का पालन करें, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सहयोग बनाए रखें, ताकि उर्स शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

