प्रिंसिपल किरण सिंह के द्वारा छात्राओं का किया सम्मान
छात्राओं के अभिभावकों ने प्रिंसिपल का जताया आभार
आगरा उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में आगरा के मंटोला क्षेत्र स्थित अनवरी नीलोफर गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, अभिभावकों एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। मेधावी छात्राओं ने अपने शानदार परिणामों से यह सिद्ध कर दिया कि लगन, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के माध्यम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
छात्राओं की इस उल्लेखनीय उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय प्रबंधन समिति एवं प्रधानाचार्या श्रीमती किरन सिंह के नेतृत्व में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी सम्मानित कर शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद प्रदान किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या किरन सिंह ने कहा कि अनवरी नीलोफर गर्ल्स इंटर कॉलेज सदैव बालिकाओं की शिक्षा, प्रतिभा संवर्धन एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की ओर से छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए हर संभव अवसर उपलब्ध कराए जाते रहेंगे।
समारोह में विद्यालय की प्रबंधन समिति के सदस्य हाजी बिलाल, मोइयो खालिद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं सदस्य समाजसेवी मो. आरिफ ने बताया कि प्रिंसिपल किरन सिंह के कार्यभार संभालने के बाद से वर्ष भर छात्राओं के मनोबल बढ़ाने हेतु अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पिछले दो वर्षों से इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से किए जा रहे हैं। इस अवसर पर छात्राओं के उत्साहवर्धन हेतु विद्यालय प्रशासन द्वारा शहर भर में होल्डिंग्स भी लगाए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला। समारोह का वातावरण हर्ष, उत्साह एवं प्रेरणा से परिपूर्ण रहा।

