फर्रुखाबाद पहुंचे प्रभारी मंत्री, समीक्षा बैठक के बाद विपक्ष पर साधा निशाना
फर्रुखाबाद। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं जयवीर सिंह फर्रुखाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक की। इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि “अखिलेश यादव के लिए वर्ष 2047 तक कोई स्कोप नहीं है।” उन्होंने यह टिप्पणी अखिलेश यादव के उस बयान के जवाब में की, जिसमें सपा अध्यक्ष ने प्रदेश में सरकार बनने पर बेटियों को मुफ्त शिक्षा देने की बात कही थी।

उन्होंने कहा कि भविष्य की बातें करने से पहले अखिलेश यादव को अपने वर्ष 2012 से 2017 तक के कार्यकाल का आत्मचिंतन करना चाहिए। मंत्री ने आरोप लगाया कि उस दौरान प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त थी, दंगे होते थे, महिलाओं का उत्पीड़न होता था तथा सनातन संस्कृति से जुड़े लोगों को प्रताड़ित किया जाता था।

“वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया” से “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट” तक
जयवीर सिंह ने वर्तमान सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पहले प्रदेश में “वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया” की स्थिति थी, जबकि आज “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट” योजना के माध्यम से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले थाने अपराधी और गुंडे चलाते थे, लेकिन अब उत्तर प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन बन चुका है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश से उद्योगपति पलायन कर गए थे, आज उसी प्रदेश में देश और विदेश के निवेशक उद्योग लगाने आ रहे हैं। यह मुख्यमंत्री के नेतृत्व और सरकार की नीतियों का परिणाम है।
“गंगोत्री से गंगासागर तक भगवा”
प्रेस वार्ता के दौरान पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए मंत्री ने कहा कि “गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक भगवा है।” पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे।” उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकारें आती-जाती रहती हैं और जनता सर्वोपरि होती है।
फर्रुखाबाद के विकास पर ज़ोर
प्रभारी मंत्री ने कहा कि फर्रुखाबाद का विकास प्रदेश और देश के विकास से जुड़ा हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में जहां भी कमियां हों, वहां तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बाल संरक्षण से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इसके लिए भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
प्रेस वार्ता में सांसद मुकेश राजपूत, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण
प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इस दौरान लाभार्थियों को कृषि यंत्र वितरित किए गए तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

