संवाद।। तौफीक फारूकी
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार में पर्यटन मंत्री एवं फर्रुखाबाद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने जिले के दौरे के दौरान माघ मेला श्रीराम नगरिया में आयोजित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी कादरी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत पांचाल घाट, गंगा तट पर लगाई गई है।
प्रभारी मंत्री ने फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया, जिसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए 40 स्टॉलों का बारी-बारी से निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेष रूप से सूचना विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है।
इस अवसर पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि
“पवित्र गंगा तट पर खड़े होकर गंगा का अविरल प्रवाह सनातन संस्कृति की पहचान है।”
उन्होंने सनातन धर्म के मूल मंत्र ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संदेश संपूर्ण विश्व के कल्याण की भावना को दर्शाता है।
मंत्री ने फर्रुखाबाद की पावन धरती पर आयोजित माघ मेला श्रीराम नगरिया की भव्यता, दिव्यता और अलौकिक स्वरूप की सराहना की तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन एवं आयोजकों की प्रशंसा की।
इस दौरान प्रशासनिक पंडाल में प्रभारी मंत्री द्वारा उपस्थित संत-महात्माओं का माल्यार्पण कर स्वागत भी किया गया।

