संवाद। तौफीक फारूकी
फर्रुखाबाद। जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने ग्रामीणों को ‘वीबीजीरामजी’ योजना के अंतर्गत 125 दिन का रोजगार उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस अवसर पर मंत्री ने बिना नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को राम के नाम से चिढ़ है, जबकि राम सभी के हैं।
राम सभी के हैं, भाजपा का संकल्प राम राज्य लाना
प्रभारी मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने भी अंतिम समय में ‘हे राम’ कहा था, फिर राम के नाम से आपत्ति क्यों। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प राम राज्य की स्थापना है और सनातन संस्कृति के मूल्यों के आधार पर जिले और गांवों को विकास की ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
मनरेगा से आगे ‘वीबीजीरामजी’ योजना
मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मनरेगा के अंतर्गत 100 दिन का रोजगार भी कई बार पूरा नहीं हो पाता था, जबकि ‘वीबीजीरामजी’ योजना में 125 दिन का रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा। खेती-बाड़ी के समय मजदूरों की कमी न हो, इसके लिए इस योजना में दो महीने का अतिरिक्त समय भी निर्धारित किया गया है, जिससे किसानों को राहत मिलेगी।
फसल बीमा घोटाले और टैबलेट गायब होने पर सख्ती
फसल बीमा योजना में कथित घोटाले को लेकर मंत्री ने कहा कि मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। पुलिस विवेचना में जिन-जिन नामों का खुलासा होगा, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं कलेक्ट्रेट से टैबलेट गायब होने के मामले में जिलाधिकारी को तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने एक-दो दिन में कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
अखिलेश यादव पर टिप्पणी
एसआईआर को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि उन्हें बेबुनियाद बातें करना पसंद है। एसआईआर बीएलओ द्वारा की गई प्रक्रिया है। तटबंध योजना को लेकर उन्होंने बताया कि इसे दोबारा बनाने के निर्देश दे दिए गए हैं।
लाभार्थियों को बांटे गए उपकरण व सहायता
समीक्षा बैठक से पहले प्रभारी मंत्री ने कृषि विभाग के लाभार्थियों को सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के तहत रोटावेटर और ट्रैक्टर की चाबी सौंपी।
इसके अलावा:
5 दिव्यांगों को व्हीलचेयर
5 को हीयरिंग किट
20 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत समूहों को 7 करोड़ 9 लाख 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। उद्यान विभाग की योजनाओं के तहत बीज वितरण, सोलर पंप योजना के प्रमाण पत्र तथा पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी सौंपी गई।
ट्रांसफार्मर और योजनाओं की रैंकिंग पर नाराजगी
पिछली बैठक के निर्देशों की समीक्षा के दौरान अमृतपुर विधायक ने खराब ट्रांसफार्मरों को समय से न बदले जाने की शिकायत की, जिस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
छात्रवृत्ति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, 102 एंबुलेंस सेवा और स्वच्छ भारत मिशन की खराब रैंकिंग पर भी असंतोष जताया गया। जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता जांच के लिए स्थलीय निरीक्षण के आदेश दिए गए।
इनकी रही मौजूदगी
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर, सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, जिलाधिकारी अशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

