आगरा। शहर में शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो भीषण सड़क हादसों में एक युवक और एक युवती की मौत हो गई। दोनों ही मामलों में ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही जान चली गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सिकंदरा हाईवे पर महिला की दर्दनाक मौत
पहला हादसा सिकंदरा हाईवे पर स्थित सिकंदरा तिराहे के पास हुआ। यहां सड़क पार कर रही एक युवती को तेज रफ्तार ट्रक ने चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।
अबुल उल्लाह दरगाह कट पर बाइक सवार की मौत
दूसरा हादसा शनिवार को ही अबुल उल्लाह दरगाह कट के पास हुआ। यहां एक बाइक सवार युवक को ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन इलाकों में भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं।

