लखनऊ ,समाजवादी पार्टी कार्यालय, लखनऊ में आज स्वर्गीय अज़ीज़ कुरैशी (पूर्व राज्यपाल) की दूसरी पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा एवं माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अखिलेश यादव की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर स्व. अज़ीज़ कुरैशी के राजनीतिक उत्तराधिकारी एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सुफ़ियान कुरैशी की प्रमुख उपस्थिति रही।
सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि स्व. अज़ीज़ कुरैशी का राजनीतिक और सामाजिक योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के एक्ट को मंजूरी दिलाने में उनकी अहम भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह कार्य उनके प्रयासों के बिना लगभग असंभव था। इस प्रक्रिया में अज़ीज़ कुरैशी को व्यक्तिगत और राजनीतिक नुकसान भी उठाना पड़ा, लेकिन उन्होंने हमेशा सेक्युलर मूल्यों और सामाजिक सौहार्द को प्राथमिकता दी।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि सुफ़ियान कुरैशी आज समाजवादी पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं और पार्टी आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जनविरोधी नीतियों को परास्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
सभा में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. अज़ीज़ कुरैशी के सार्वजनिक जीवन, उनके संघर्षों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मूलचंद चौहान, अखिलेश कटिहार, वकी सिद्दीकी, अनवर कादिर, मोहम्मद अरशद (दद्दा), वकास वारसी सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

