लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बड़ा तोहफा देते हुए रामनवमी के अवसर पर दो दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं। अब उत्तर प्रदेश में 26 मार्च के साथ-साथ 27 मार्च को भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा। मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे लोग पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पर्व मना सकें।

चैत्र रामनवमी के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले राम मेलों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया है। विशेष रूप से लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर तीन दिनों तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
इस दौरान मालवाहक भारी वाहन, ट्रक, डीसीएम और ट्रैक्टर आदि को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात सुचारु बना रहे।

