वर्दी, यात्रा, धुलाई, प्रोत्साहन और विशेष भत्तों में वृद्धि; विभागों को आदेश जारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए विभिन्न भत्तों में 50 प्रतिशत से लेकर 400 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का आदेश जारी कर दिया है। वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार वेतन समिति (2016) की संस्तुतियों पर मुख्य सचिव समिति की सिफारिशों को मंजूरी देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
नई दरें संबंधित प्रशासकीय विभागों द्वारा आदेश जारी किए जाने की तिथि से प्रभावी होंगी। बढ़ोतरी का लाभ वर्दी भत्ता, वर्दी नवीनीकरण, वर्दी धुलाई, यात्रा प्रतिपूर्ति, प्रोत्साहन और विशेष भत्तों में मिलेगा।
आबकारी विभाग में पदानुसार वर्दी भत्ता 7,500 रुपये से बढ़ाकर 11,250 रुपये, 3,000 से 4,500 रुपये तथा 1,400 से 2,100 रुपये कर दिया गया है। इसी प्रकार वर्दी नवीनीकरण भत्ता भी बढ़ाकर 9,600 रुपये, 4,500 रुपये और 2,100 रुपये कर दिया गया है।
चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में छात्र नर्स से लेकर मैट्रन और वरिष्ठ मैट्रन तक के कर्मचारियों के लिए वर्दी एवं वर्दी नवीनीकरण भत्ता 2,500 रुपये से बढ़ाकर 4,500 रुपये कर दिया गया है। वहीं वर्दी धुलाई भत्ता 100 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रतिमाह किया गया है। आयुर्वेदिक, यूनानी और होम्योपैथिक विभागों की उपचारिका सेवा संवर्ग को भी संशोधित भत्तों का लाभ मिलेगा।
कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग में भी वर्दी भत्ता 11,250 रुपये तथा वर्दी नवीनीकरण भत्ता 9,600 रुपये तक बढ़ाया गया है।
अधीनस्थ न्यायालयों के गैर-न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों के यात्रा प्रतिपूर्ति एवं विशेष भत्तों में भी तीन गुना तक वृद्धि की गई है। पेशकारों और स्टेनोग्राफरों के लिए वर्दी तथा वर्दी नवीनीकरण भत्ता 4,500-4,500 रुपये निर्धारित किया गया है।
गृह विभाग में पीएसी कर्मियों के मासिक भत्तों में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय भत्ता 800 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। पीएसी की कमांडो कंपनियों में तैनात जवानों के प्रोत्साहन भत्ते में भी चार गुना तक वृद्धि की गई है।
सरकार के इस फैसले से राज्य के विभिन्न विभागों में कार्यरत हजारों कर्मचारियों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिलेगा।

