लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में तीन वरिष्ठ नेताओं—मेवालाल गौतम, मुनकाद अली और नौशाद अली—के निष्कासन की अफवाह ने शनिवार को सियासी हलकों में हलचल मचा दी। मामला इतना बढ़ा कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती को खुद सामने आकर सफाई देनी पड़ी।
बसपा प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए स्पष्ट किया कि वरिष्ठ नेताओं को पार्टी से निकालने की खबर पूरी तरह फर्जी है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को गाजियाबाद जिला अध्यक्ष द्वारा जय प्रकाश सिंह को निष्कासित किया गया था, जबकि शनिवार को बुलंदशहर के जिलाध्यक्ष ने पूर्व विधायक धर्मवीर सिंह अशोक को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते बाहर किया।
इसी बीच मीडिया में चर्चाओं के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने बुलंदशहर जिलाध्यक्ष के जाली लेटरपैड का इस्तेमाल कर मेवालाल गौतम, मुनकाद अली और नौशाद अली के निष्कासन की फर्जी विज्ञप्ति जारी कर दी।
मायावती ने इसे साजिश करार देते हुए कहा कि ऐसी तथ्यहीन खबरों से बचना चाहिए और किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करनी चाहिए।
#TimesOfTaj #BSP #Mayawati #Lucknow #PoliticalNews #FakeNewsAlert #UPPolitics #BreakingNews

