रूस-चीन सहित कई देशों ने अमरीकी सैन्य कार्रवाई की कड़ी निंदा की
Times of TAJ | इंटरनेशनल डेस्क
अमरीकी सेना द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस की गिरफ्तारी के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति में बड़ा भूचाल आ गया है। इस कार्रवाई पर विश्व नेताओं की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। रूस, चीन, ईरान, ब्राजील और क्यूबा समेत कई देशों ने अमरीका की सैन्य कार्रवाई को वेनेजुएला की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन बताया है।
रूस: अमरीकी कदम को सैन्य आक्रामकता बताया
रूस के विदेश मंत्रालय ने वेनेजुएला के खिलाफ अमरीका की कार्रवाई को सैन्य आक्रामकता करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। रूस ने बयान में कहा कि इस कार्रवाई को सही ठहराने के लिए दिए गए तर्क निराधार हैं। मॉस्को ने दोनों देशों से संयम बरतने और संवाद के रास्ते को अपनाने की अपील की है।
चीन: अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन
चीन ने अमरीका के हवाई हमलों की निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का गंभीर उल्लंघन बताया। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि वेनेजुएला एक संप्रभु राष्ट्र है और उसके राष्ट्रपति के खिलाफ सैन्य कार्रवाई से चीन आहत है। चीन ने अमरीका से वर्चस्ववादी नीति छोड़ने की अपील की।
क्यूबा, ईरान और ब्राजील का तीखा विरोध
क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज़-कैनेल ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस हमले पर तत्काल प्रतिक्रिया देने का आह्वान किया।
ईरान के विदेश मंत्रालय ने इस कदम को आक्रामकता बताते हुए कहा कि यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर का स्पष्ट उल्लंघन है।
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने कहा कि अमरीकी हमला पूरे क्षेत्र की शांति और स्थिरता के लिए खतरा है।
यूरोप ने दी संयम की सलाह
यूरोपीय देशों ने फिलहाल संतुलित रुख अपनाया है।
यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास ने कहा कि ईयू हालात पर करीबी नजर रखे हुए है और अंतरराष्ट्रीय कानून के सम्मान पर जोर देता है।
ईयू आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि किसी भी समाधान में संयुक्त राष्ट्र चार्टर का पालन जरूरी है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने स्पष्ट किया कि ब्रिटेन इस अभियान में शामिल नहीं था।
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने तनाव कम करने की अपील की, जबकि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ ने वेनेजुएला में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के समर्थन की बात कही।
वेनेजुएला का पलटवार, राष्ट्रीय आपातकाल घोषित
वेनेजुएला सरकार ने ट्रंप के नेतृत्व वाली अमरीकी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए इस कार्रवाई को सैन्य आक्रामकता का जघन्य कृत्य बताया है। देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया गया है।
उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ ने राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी के जीवित होने के प्रमाण तथा उनके ठिकाने की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।
रक्षा मंत्री व्लादिमीर पैड्रिनो लोपेज़ ने देशभर में सैन्य बलों की तैनाती की घोषणा की है। इसके साथ ही वेनेजुएला ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपातकालीन बैठक बुलाने का अनुरोध किया है।

