आगरा | TIMES OF TAJ
उत्तर प्रदेश सरकार की ग्राम परिवहन सेवा योजना के तहत आगरा में निजी बस मालिकों को बड़ा अवसर दिया गया है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) के साथ अनुबंध के लिए इच्छुक बस मालिक 28 मार्च तक आवेदन जमा कर सकते हैं।

इस योजना के अंतर्गत जिले के 15 ब्लॉकों में कुल 30 बसें संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है, यानी प्रत्येक ब्लॉक में दो बसें चलाई जाएंगी। इन बसों को गांवों से ब्लॉक और तहसील मुख्यालय तक चलाया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
परिवहन विभाग और रोडवेज अधिकारियों ने हाल ही में निजी बस मालिकों के साथ बैठक कर उन्हें इस योजना में भाग लेने के लिए प्रेरित किया है।
योजना के तहत अनुबंधित बसों को कई सुविधाएं दी जाएंगी, जिनमें परमिट पर 100% छूट और निर्धारित सीमा तक किराया वसूलने की अनुमति शामिल है। इससे होने वाली पूरी आय बस मालिक की होगी।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि इच्छुक बस मालिक 28 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं।
यह योजना न केवल निजी बस मालिकों के लिए लाभकारी है, बल्कि ग्रामीण जनता के लिए भी यातायात सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी।

