रांची। मोरहाबादी के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पुरुष शॉटपुट स्पर्धा में 24 वर्षीय मध्यप्रदेश के एथलीट समरदीप गिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने दो बार 18 मीटर पार करने के बाद अपने आखिरी तीन प्रयासों में 19 मीटर से ऊपर फेंककर 19.79 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया।
समरदीप ने कहा, “मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाया। मेरा लक्ष्य इससे अलग था। इस सीजन में यह मेरा सातवां प्रयास है जिसमें 19 मीटर से अधिक दूरी फेंकी गई है, जिसमें अगस्त में चेन्नई में राष्ट्रीय अंतर-राज्यीय चैंपियनशिप में 19.82 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी शामिल है।”
इस स्पर्धा में दो बार के एशियाई खेलों के गोल्ड मेडलिस्ट तजिंदरपाल सिंह तूर ने 19.32 मीटर का अंतिम प्रयास कर सिल्वर मेडल जीता। तजिंदर का यह साल उतार-चढ़ाव भरा रहा और इस प्रतियोगिता में वह 20 मीटर से अधिक फेंकने के लिए पूरी ताकत जुटाने में संघर्ष करते दिखे।

