अयोध्या। रामनगरी में प्रस्तावित टेंपल म्यूजियम (मंदिर संग्रहालय) की महत्वाकांक्षी योजना अभी तक धरातल पर साकार नहीं हो सकी है। राम मंदिर के निर्माण और रामलला के भव्य विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के बाद इस परियोजना की परिकल्पना की गई थी, लेकिन फिलहाल यह योजना फाइलों में ही सीमित नजर आ रही है।
प्रदेश सरकार ने संग्रहालय निर्माण के लिए बड़े रकबे की भूमि निश्शुल्क आवंटित की थी। भूमि आवंटन के बाद अब तक केवल चिह्नांकन कर फेंसिंग का कार्य कराया गया है और कार्यदायी कंपनी को नामित कर दिया गया है, परंतु जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
सूत्रों के अनुसार, टाटा समूह इस परियोजना से जुड़ी कुछ तकनीकी बाधाओं को दूर करने में जुटा है। बताया जा रहा है कि अड़चनें समाप्त होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
क्या है योजना?
राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में हुई अभूतपूर्व वृद्धि को देखते हुए टेंपल म्यूजियम की अवधारणा सामने आई थी। इस संग्रहालय में देशभर के वैष्णव संप्रदाय के प्राचीन और प्रसिद्ध मंदिरों की प्रतिकृतियां (रेप्लिका) स्थापित करने की योजना है।
इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु एक ही स्थान पर विभिन्न मंदिरों की स्थापत्य कला, परंपरा और सांस्कृतिक विशेषताओं का अवलोकन कर सकेंगे।
श्रद्धालुओं की उम्मीदें
रामनगरी में पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों के विस्तार के बीच टेंपल म्यूजियम को एक महत्वपूर्ण आकर्षण के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि तकनीकी बाधाएं जल्द दूर होंगी और यह महत्वाकांक्षी परियोजना शीघ्र ही धरातल पर उतर सकेगी।

