फर्रुखाबाद में संचारी रोगों की प्रभावी रोकथाम और व्यापक जनजागरूकता के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बुधवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।यह अभियान 30 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन को मच्छर जनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करना है। अभियान के तहत घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया जाएगा, जिसमें यह जानकारी जुटाई जाएगी कि कोई व्यक्ति बीमार तो नहीं है और यदि है, तो वह किस बीमारी से ग्रसित है।रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएं, छात्र-छात्राएं एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित लोगों को संचारी रोगों की रोकथाम हेतु शपथ भी दिलाई। प्रतिभागियों ने अपने घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने, जलभराव रोकने और मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को समाप्त करने का संकल्प लिया।जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे संचारी रोगों की रोकथाम में जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से नियमित रूप से संचालित किया जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी दी कि अभियान के अंतर्गत घर-घर सर्वेक्षण, दवा वितरण और स्वास्थ्य परीक्षण जैसी गतिविधियां चलाई जाएंगी। इस अवसर पर जनपद के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

