ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कोलकाता में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस के संगठन को नए सिरे से मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालयों को दोबारा खोला जाएगा, उनकी मरम्मत और रंगाई कर संगठन को फिर सक्रिय बनाया जाएगा। ममता ने कहा कि जरूरत पड़ी तो वह स्वयं भी पार्टी दफ्तरों को पेंट करने के लिए तैयार हैं।
बैठक के दौरान उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो नेता या कार्यकर्ता दूसरी पार्टियों में जाना चाहते हैं, वे पूरी तरह स्वतंत्र हैं। उन्होंने कहा कि वह किसी को भी जबरदस्ती पार्टी में रोककर रखने में विश्वास नहीं रखतीं। इस दौरान पार्टी महासचिव और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहे।
ममता बनर्जी ने हालिया विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भले ही TMC को 80 सीटें मिली हों, लेकिन यह “जनादेश की लूट” है और इससे पार्टी का मनोबल कमजोर नहीं होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
बैठक में 21 मई को फालता विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के उम्मीदवार भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि फालता में 29 अप्रैल को मतदान हुआ था, लेकिन EVM में कथित छेड़छाड़ के आरोपों के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने वहां पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया था।
4 मई को घोषित 293 सीटों के चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी को 207 सीटों पर जीत मिली थी।

