उत्तर प्रदेश में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से कराने की तैयारी शुरू हो गई है। यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो पहली बार ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के चुनावों में EVM का इस्तेमाल किया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रहा है। आयोग का मानना है कि EVM के प्रयोग से मतदान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और सुगम हो सकेगी, साथ ही मतगणना में लगने वाला समय भी काफी कम होगा।
इस संबंध में उप निर्वाचन आयुक्त शेरी पीसीएस ने जानकारी देते हुए संकेत दिए हैं कि पंचायत चुनावों में EVM के इस्तेमाल को लेकर तैयारियां चल रही हैं। हालांकि अभी अंतिम निर्णय और आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।
गौरतलब है कि अब तक उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाते रहे हैं। ऐसे में EVM के उपयोग की योजना को चुनाव व्यवस्था में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। चुनाव आयोग तकनीकी, प्रशासनिक और कानूनी पहलुओं पर भी मंथन कर रहा है।
यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो राज्य के लाखों मतदाताओं और हजारों पंचायत सीटों पर चुनाव प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आधुनिक और व्यवस्थित हो सकती है।

