आगरा। ताजमहल की नगरी आगरा की ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और जनजीवन को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने “मेरी नज़र से आगरा” ऑनलाइन फोटोग्राफी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया है। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में शुरू की गई इस अनूठी पहल का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से आगरा के विविध रंगों और उसकी समृद्ध पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाना है।
इस प्रतियोगिता में आगरा नगर से लेकर फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा, बाह, बटेश्वर और चंबल क्षेत्र तक की प्राकृतिक, ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक विरासत को कैमरे में कैद कर प्रतिभागी अपनी रचनात्मक दृष्टि का परिचय दे सकेंगे। जिला प्रशासन का मानना है कि आगरा केवल ताजमहल तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की संस्कृति, हस्तशिल्प, लोकजीवन, पर्व-त्योहार और ऐतिहासिक धरोहरें भी इसकी अनूठी पहचान हैं।
शौकिया और प्रोफेशनल, सभी के लिए सुनहरा अवसर
प्रतियोगिता में कोई भी नागरिक, चाहे वह शौकिया छायाकार हो या पेशेवर फोटोग्राफर, निःशुल्क भाग ले सकता है। प्रतिभागी जनपद के किसी भी ग्रामीण अथवा शहरी क्षेत्र की सुंदरता, जनजीवन, हस्तशिल्प, सांस्कृतिक आयोजनों और ऐतिहासिक स्थलों जैसे ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, एतमाद-उद-दौला, सिकंदरा, बटेश्वर मंदिर आदि के अपने द्वारा खींचे गए मौलिक छायाचित्र भेज सकते हैं।
20 जुलाई तक भेजें अपनी प्रविष्टि
प्रतिभागियों को अपने मौलिक छायाचित्र के साथ अधिकतम 30 शब्दों का आकर्षक कैप्शन, अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखकर 20 जुलाई 2026 तक upinfoagra01@gmail.com पर ई-मेल के माध्यम से भेजना होगा।
ये हैं प्रतियोगिता की प्रमुख शर्तें
- छायाचित्र प्रतिभागी द्वारा स्वयं खींचा गया मौलिक होना चाहिए।
- इंटरनेट अथवा किसी अन्य स्रोत से लिए गए चित्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
- प्रत्येक फोटो के साथ अधिकतम 30 शब्दों का कैप्शन अनिवार्य होगा।
- प्रतिभागी का नाम, पता और मोबाइल नंबर देना आवश्यक होगा।
- प्रविष्टि भेजने का अर्थ होगा कि प्रतिभागी जनहित में चित्र के गैर-व्यावसायिक उपयोग की अनुमति देता है, जबकि चित्र का स्वामित्व उसी के पास रहेगा।
विजेताओं को मिलेगा डीएम का प्रशस्ति-पत्र
प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ छायाचित्रों को जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही चयनित तस्वीरों को छायाकार के नाम सहित जनपद की आधिकारिक वेबसाइट agra.nic.in पर प्रदर्शित किया जाएगा।
‘आगरा को अपनी नज़र से दुनिया के सामने लाने का अवसर’
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि “आगरा केवल ताजमहल ही नहीं, बल्कि जीवंत संस्कृति, शिल्प, परंपराओं और विविध विरासत का शहर है। ‘मेरी नज़र से आगरा’ प्रतियोगिता नागरिकों को अपने शहर को अपनी दृष्टि से प्रस्तुत करने का अवसर देगी।” उन्होंने विद्यार्थियों, शौकिया एवं पेशेवर छायाकारों तथा आम नागरिकों से इस पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
जिला प्रशासन का मानना है कि यह प्रतियोगिता न केवल आगरा की खूबसूरती को नई पहचान देगी, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान करेगी और जनपद की सांस्कृतिक एवं पर्यटन छवि को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

